माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित लिविंग स्टेंजा हॉस्टल में शनिवार की शाम अचानक आग लग गई। हालांकि समय रहते हॉस्टल के कर्मचारियों ने आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। कमरे के फर्श पर बिछे गद्दे में लगी आग से धुआं उठने पर छात्र-छात्राओं ने इसकी सूचना प्रबंधन को दी। इसके बाद हॉस्टल की 12वीं मंजिल पर स्थित रूम नंबर-1211 में आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी गई। हॉस्टल के कर्मचारियों ने परिसर में लगे अग्निशमन उपकरणों का उपयोग कर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने से पहले ही आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
सीएफओ प्रदीप चौबे का कहना है कि फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा मानकों की जांच की। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। अंदेशा जताया जा रहा है कि गद्दे के ज्वलनशील वस्तु के संपर्क में आने से लगी हो सकती है।