नोएडा के डंपिंग ग्राउंड में लगी आग
- फोटो : लाल सिंह
सेक्टर-32ए में वेव को आवंटित जमीन के पास बड़ा क्षेत्रफल खाली है। इसमें वह जमीन भी शामिल है जिसका वेव को आवंटन निरस्त कर प्राधिकरण ने कब्जे में लिया है।प्राधिकरण के उद्यान विभाग के ठेकेदार यहां पार्क, सेक्टर के अंदर और सड़क किनारे पेड़ों की छंटाई करने के बाद टहनियां और पत्ते इसी जमीन पर फेंक दिए थे, जिसमें बुधवार दोपहर आग लग गई। धीरे-धीरे सुलगते हुए आग ने उग्र रूप ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं तो फायर ब्रिगेड के पास सूचना पहुंची। 15 गाड़ियां और फायर ब्रिगेड के 75 जवान आग बुझाने में जुटे। मौके पर प्राधिकरण भी के भी टैंकर लगाए गए।
सांसों पर छाया धुआं
आग लगने के बाद सेक्टर-30, 31, 32, 34, 35, मोरना गांव, सेक्टर-54, गिझोड़, होशियारपुर आदि में रहने वाले लोगों को सांस लेने में काफी परेशानी हुई। तेज हवा से धुआं दूर के भी कई सेक्टरों में गया। आसपास के सेक्टरों में चारों तरफ धुआं भर गया।
नोएडा के डंपिंग ग्राउंड में लगी आग
- फोटो : लाल सिंह
हर साल लग रही आग
2022 में यहां जून के पहले सप्ताह में आग लगी थी, जो करीब पांच दिन बाद बुझी थी।
2023 के मई में आग लगी थी। तब 6 दिन बाद बुझ पाई थी।
2024 में 25 मार्च को आग लगी थी। चार दिन बाद बुझी थी।
हर बार अफसर करते हैं डंपिंग ग्राउंड हटाने का दावा
आग लगने पर प्राधिकरण के अधिकारी शहर के बीच से उद्यान विभाग का यह डंपिंग ग्राउंड हटाने का दावा करते हैं, लेकिन अब तक नहीं हटा। इसके अलावा एजेंसियों का चयन कर वैज्ञानिक ढंग से कचरे के निस्तारण व खाद बनाने के दावे भी कुछ ऐसेे ही हैं।
नोएडा के डंपिंग ग्राउंड में लगी आग
- फोटो : लाल सिंह
ठेकेदार का प्लंबर है आरोपी
प्राधिकरण का उद्यान विभाग हर बार आग लगाने का ठीकरा अज्ञात पर फोड़ देता है। मई 2023 में जब आग लगी थी तब अज्ञात के खिलाफ सेक्टर-24 थाने में एफआईआर दर्ज हुई थी। 2024 में भी आग लगने पर प्राधिकरण ने एफआईआर करवाई थी। प्राधिकरण के सुपरवाइजर सुरेश ने मामले में केस दर्ज कराया है। सेक्टर-24 पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है। आरोपी की पहचान रंजन प्रधान निवासी ओडिशा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्राधिकरण के ठेकेदार के साथ प्लंबर का काम करता है। शुरुआती जांच में शिकायतकर्ता ने बताया है कि रंजन ने शराब पीकर बीड़ी जलाई और कचरे में फेंक दी। वहां मौजूद मूड़ा विक्रेता ने उसे ऐसा करते देख लिया। सूचना पर डीसीपी नोएडा राम बदन सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
नोएडा के डंपिंग ग्राउंड में लगी आग
- फोटो : लाल सिंह
...और जल गया टैंकर
डंपिंग ग्राउंड में आग एलिवेटेड रोड के छोर से लगी, फिर तेजी से फैली। इसके बाद बुझाने के लिए गया प्राधिकरण का टैंकर आग की लपटों से घिर गया। गनीमत रही कि उस पर बैठे कर्मचारी भाग निकले, लेकिन टैंकर जल गया।
2 किलोमीटर x 1.5 के दायरे में पेड़ों की छंटनी के बाद लाई गईं टहनियां और पत्ते डाले जा रहे थे। पत्तों के ढेर 30 से 40 फीट ऊंचे हैं। सूखे पत्ते और लकड़ियां गहराई में भरे हैं। तेज हवा भी चल रही है, इसलिए आग बुझाने में समस्या आ रही है। 15 गाड़ियां और 75 फायर ब्रिगेड के जवान आग बुझाने में जुटे हैं। - प्रदीप कुमार चौबे, सीएफओ
एक युवक ने आग लगाई है उसको सिक्योरिटी गार्ड ने पकड़ा है। आग बुझाने के प्रयास जारी हैं। यह डंपिंग ग्राउंड हटाया जाना है। इसके लिए एजेंसी चयन को दो बार टेंडर किया जा चुका है, लेकिन कोई एजेंसी नहीं आई है। फिर टेंडर जारी किया जाएगा। आग लगने की घटना पर प्राधिकरण एफआईआर भी कराएगा।- वंदना त्रिपाठी, एसीईओ, नोएडा प्राधिकरण