सेक्टर-65 स्थित कंपनी में छुट्टी होने के दौरान हुआ हादसा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-65 स्थित जूता बनाने वाली फैक्टरी में शुक्रवार रात कर्मचारियों के निकलने के दौरान आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग के कारण बेसमेंट में धुआं भर गया, जिसमें तीन महिलाएं धुएं की चपेट में आकर गंभीर हो गईं। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। वहीं, तीनों महिलाओं को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे ने बताया कि शुक्रवार रात सेक्टर-65 स्थित जूता बनाने वाली कंपनी में आग लगने की सूचना मिली थी। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के साथ अंदर फंसे कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। इस दौरान धुएं की चपेट में आने से तीन महिलाएं बेहोशी और सांस लेने में परेशानी की स्थिति में पहुंच गईं। सरिता (23), कौशल (30) और भानु देवी (35) को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।