ग्रेटर नोएडा में हाईवे पर सोमवार की रात को बड़ा हादसा हो गया। कोतवाली दादरी क्षेत्र के नगर बाईपस पर लोहे के सामान से भरे चलते ट्रक में आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक आग का गोला बन गया। जिसके बाद बाईपास पर अफरा-तफरी मच गई। चालक ने किसी तरह ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर बाद ट्रक जलकर राख हो गया।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। लेकिन तब तक ट्रक जल कर राख हो चुका था। ट्रक गाजियाबाद से लोहे की चादर लेकर बुलंदशहर की तरफ जा रहा था। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि 8 फरवरी की रात को थाना दादरी क्षेत्र के अंदर चालक कासिम ट्रक (नंबर HR38U9552) में लोहे की चादर लेकर गाजियाबाद से बुलंदशहर की ओर जा रहा था। दादरी बाइपास पर चलते हुए ट्रक के केबिन में अचानक आग लग गई। फायर ब्रिगेड की मदद से आग को बुझा दिया गया है। कोई जनहानि नहीं हुई है।