टूंडला। किसान के धान के पयार में रविवार रात आग लग गई। किसान को भारी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद पानी डालकर आग पर काबू पाया। पीड़ित किसान ने पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
पचोखरा थाना क्षेत्र के नगला खरगा गांव निवासी किसान छिदामी लाल ने 30 बीघा धान की फसल की थी। कटाई के बाद उन्होंने पयार को खेत से उठवाकर अपने मकान के पास ही इकट्ठा करा दिया था। रविवार की देर रात करीब 12 बजे अचानक आग लग गई। ग्रामीणों ने अपने निजी सबमर्सिबल पंप चलाकर आग बुझाने का काम शुरू किया।
करीब दो घंटों की मेहनत के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। किसान का आरोप है कि अज्ञात लोगों ने रात के अंधेरे में उनके पयार पर पेट्रोल डालकर आग लगाई है, जिससे उन्हें काफी नुकसान हुआ है। थानाध्यक्ष अमित तोमर का कहना है कि आग लगने की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। आग को बुझा लिया गया है। किसान के आरोपों और आग लगने के कारणों को लेकर जांच शुरू कर दी है।