उद्योग केंद्र स्थित ईकोटेक-3 क्षेत्र में हादसा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। उद्योग केंद्र स्थित ईकोटेक-3 क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात गारमेंट फैक्टरी के प्रथम तल पर आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन इकाई पहुंचीं और आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में जनहानि नहीं हुई। हादसे का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जाहिर की जा रही है।
सीएफओ प्रदीप चौबे ने बताया कि आग लगने की सूचना फायर स्टेशन को रात 2:29 बजे प्राप्त हुई थी, जिसके बाद फायर स्टेशन ईकोटेक-3, सूरजपुर और फेज-2 नोएडा यूनिट की गाड़ियां तत्काल रवाना की गईं। आग लगते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
अग्निशमन अधिकारी योगेंद्र चौरसिया के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। दमकल विभाग की तीन गाड़ियों और कर्मचारियों ने समन्वय के साथ अथक प्रयास करते हुए आग को फैलने से रोका। घंटों की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया गया।