-जिला प्रशासन ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही पर की कार्रवाई
-तीन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण और 12 सहायक अधिकारियों को भी वेतन रोकने का आदेश
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही बरतने पर 130 बीएलओ और 13 सुपरवाइजरों का वेतन रोक दिया है। साथ ही उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। 3 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और 12 सहायक अधिकारियों का भी वेतन रोका गया है।
भारत निर्वाचन आयोग के आदेश पर जिले में विधानसभा की मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 4 नवंबर से शुरू हुआ है। इस दौरान 1868 बूथों पर बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। गणना प्रपत्र भरवाने का काम करेंगे, लेकिन दो दिन के अंदर ही बीएलओ और अन्य कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई है। जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने समीक्षा कर कार्रवाई की है। जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि अभियान में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, बीएलओ और सुपरवाइजरों की लापरवाही मिली है। तहसील स्तर पर गणना प्रपत्र लेकर वितरण का काम शुरू नहीं किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने चेतावनी दी है कि अगर किसी स्तर पर लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी।