दनकौर। यमुना प्राधिकरण सिटी के सेक्टर-25 स्थित एक बिल्डर साइट पर करीब 5 दिन पहले काम करते वक्त दो चचेरे भाइयों की गिरने से मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने जांच में पाया है कि काम करते वक्त बिल्डर और ठेकेदार लापरवाही बरत रहे थे। इसके चलते ही यह हादसा हुआ था। पुलिस ने इस मामले में बुधवार को बिल्डर और ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गाजियाबाद जिले के ढबारसी गांव आमिर (19) और सुहेल (23) चचेरे भाई थे। दोनों प्राधिकरण के सेक्टर 25 स्थित एक बिल्डर साइट पर काम करने के लिए 21 जून की दोपहर गांव से आए थे। वह देर रात को 27वीं मंजिल पर अन्य मजदूरों के साथ काम कर रहे थे। उसी दौरान अचानक बिजली चली गई थी। जिसके चलते मंजिल पर अंधेरा हो गया था। इस दौरान अचानक पैर फिसलने से दोनों भाई नीचे गिर गए थे। जिनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने जांच में पाया कि बिल्डर और ठेकेदार ने सेफ्टी उपकरण काम के दौरान नहीं लगाए गए थे। पुलिस ने इस मामले में बिल्डर हनी कात्यान और ठेकेदार बीएन पांडे के खिलाफ केस दर्ज किया है।