यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-10 में फिन (फाइनेंस) सिटी बसाई जाएगी। इसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहमति दे दी है। यीडा इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कराएगा। 1200 एकड़ में प्रस्तावित इस फिन सिटी में देशभर की वित्तीय संस्थाओं को प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा। इससे करोड़ों का निवेश व हजारों रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
नोएडा एयरपोर्ट की वजह से यीडा एरिया में वित्तीय गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। फिल्म सिटी के आने से इसमें और इजाफा हुआ है। फिन सिटी की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के लिए यमुना प्राधिकरण जल्द ही रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल निकालेगा। इसके जरिये किसी कंपनी का चयन कर रिपोर्ट तैयार होगी।
इसमें देशभर की वित्तीय संस्थाओं को लाने की योजना है, जिस तरह देश की आर्थिक राजधानी के रूप में मुंबई ने पहचान बनाई है। उसी तरह इस एरिया को भी उत्तर प्रदेश का आर्थिक राजधानी के रूप में पहचान दिलाने की कोशिश की जाएगी।
फिन सिटी में देश के सभी बैंकों के कारपोरेट दफ्तर, वित्तीय संस्थाएं, स्टॉक मार्केट, स्टॉक एक्सचेंज, कमोडिटी बाजार से जुड़े दफ्तर आदि को जमीन दी जाएगी। यहां पर इंटरनेशनल स्तर का कन्वेंशन सेंटर भी बनेगा। सेक्टर-10 नोएडा एयरपोर्ट से सटा हुआ है। इसके लिए अधिकतर जमीन भी ली जा चुकी है।
चार प्रोजेक्टों की लागत 70 हजार करोड़
यमुना प्राधिकरण ने बीते तीन साल में 70 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं को अमलीजामा पहनाया है। इसमें नोएडा एयरपोर्ट करीब 40 हजार करोड़, फिल्म सिटी 10 हजार करोड़, इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी करीब 10 हजार करोड़ और मेडिकल डिवाइस पार्क परियोजना भी करीब 10 हजार करोड़ रुपये की है। इनमें से नोएडा एयरपोर्ट को छोड़कर बाकी तीनों परियोजनाओं का एलान चालू वित्तीय वर्ष में ही किया गया है।