दनकौर। क्षेत्र के अट्टा फतेहपुर गांव में शुक्रवार को जुमा अलविदा नमाज को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। यहां मौलवी ने भीड़ को मस्जिद में घुसने से रोका था। इस बात पर लोग दो गुटों में बंट गए। दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया गया। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर मामला शांत कराया गया। पथराव में करीब 10 लोग घायल हुए हैं। उनका पास के अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने 27 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
क्षेत्र के अट्टा फतेहपुर गांव में शुक्रवार को जुमा अलविदा नमाज कोरोना नियमों के तहत होनी थी। इस दौरान मौलवी ने 5 से अधिक लोगों को मस्जिद में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी। कुछ लोगों ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते इस बात पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले तो गाली-गलौज हुई फिर लाठी-डंडे चलने लगे। एक पक्ष के लोग छत पर चढ़ गए और पथराव कर दिया। कोरोना नियमों का पालन कराने पुलिस भी गांव में पहुंची हुई थी। सूचना पर तुरंत ही पुलिस टीम घटना स्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को रोकते हुए शांति व्यवस्था कायम करने का प्रयास किया, तो पुलिसकर्मियों पर दोनों पक्षों ने पथराव शुरू कर दिया। हालांकि पुलिसकर्मियों को चोटें नहीं आईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाकर आरोपियों पर काबू पाया गया। इस घटना में पुलिस ने गांव के शमशेर, वाहिद, इकबाल, जाहिद, कासिम, नसीर, भूरा, आगर, कलुआ, निजामुद्दीन, सगीर व तरीखत को नामजद करते हुए 27 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार पांडे का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।