- कुत्तों के हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
- निवासी बोले,लगातार सोसाइटी में कुत्तों के काटने की हो रही घटनाएं
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन माईवुड्स सोसाइटी से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। जहां लावारिस कुत्तों के झुंड ने एक युवक पर अचानक हमला कर दिया। युवक ने पूरी कोशिश की खुद को बचाने की, लेकिन बेकाबू कुत्ते उस पर टूट पड़े। चीख-पुकार और अफरा-तफरी के बीच युवक ने चप्पल से कुत्तों को मारकर किसी तरह अपनी जान बचाई। यह खौफनाक मंजर अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सोसाइटी के टावर 11 में रहने वाले आशुतोष ने बताया कि वह बुधवार शाम को किसी काम से बाहर जा रहे थे,तभी पार्क से निकलते समय एक लावारिस कुत्ता उनके पास आया और उन्हें काटने का प्रयास किया, जिसे उन्होंने भगा दिया। इसके बाद चार से पांच लावारिस कुत्ते उनके पास आ गए और चारों तरफ से उन्हें घेर लिया। इस दौरान उन्होंने अपने पैर से चप्पल निकाल कर उन कुत्तों को डराया और वहां से भगाया। उन्होंने बताया कि उस समय जब मदद की गुहार लगाई, लेकिन कोई नहीं आया। उन्होंने बताया कि यदि वह चप्पल से कुत्तों को भगाने का काम नहीं करते तो उनका बुरा हाल हो सकता था। कुत्तों के हमले से कई जगह उनके चोट लगी है। उन्होंने बताया कि लावारिस कुत्तों को सोसाइटी में खाना खिलाया जा रहा है। जिसे तत्काल रोका जाना चाहिए।