-चालान और कार्रवाई के बाद भी नहीं सुधरे बस संचालक, यात्रियों की जान जोखिम में डालकर हो रहा संचालन
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। चालान और लगातार कार्रवाई के बावजूद शहर में निजी बसों का नियमों को ताक पर रखकर संचालन जारी है। रविवार को भी निजी बसों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी देखने को मिली। कहीं बसों की छत पर काफी ऊंचाई तक सामान लदा था तो कहीं टूटे शीशे के स्थान पर लकड़ी का फट्टा लगाकर बस दौड़ाई जा रही थी। बसों में सुरक्षा इंतजामों की ऐसी अनदेखी यात्रियों के लिए हादसे का कारण बन सकती है।
लंबी दूरी की निजी बसों में छत पर सामान लादकर ले जाने का चलन जारी है। ऊंचाई तक सामान लादने से बस का संतुलन बिगड़ने का खतरा रहता है। अचानक मोड़ लेने या तेज ब्रेक लगाने पर बस पलट सकती है। वहीं, छत पर रखा सामान सड़क पर गिरने से पीछे चल रहे दोपहिया वाहन चालकों और अन्य वाहनों के लिए हादसे का खतरा बना रहता है। दूसरी ओर, टूटे शीशे की जगह लकड़ी का फट्टा लगाकर बस चलाने से यात्रियों को धूल, हवा और बाहरी वस्तुओं से चोट लगने का खतरा रहता है। नियमों की अनदेखी लंबी दूरी की बसों तक सीमित नहीं है। कम दूरी के लिए चलने वाली निजी बसों में भी कई बार प्राथमिक उपचार के लिए फर्स्ट एड बॉक्स तक नहीं मिलता। ऐसे में सफर के दौरान यात्री के चोटिल होने या अचानक तबीयत बिगड़ने पर तत्काल प्राथमिक उपचार मिलना मुश्किल हो सकता है।