- बस में कोई मौजूद नहीं था, जलती बीड़ी या सिगरेट फेंकने से आग लगने की आशंका
- आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के तुगलपुर में शुक्रवार रात निजी हॉस्टल की बताई जा रही खड़ी बस में अचानक आग लग गई। आग लगने से बस धू-धूकर जलने लगी। गनीमत रही कि घटना के समय बस में कोई मौजूद नहीं था। आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
जानकारी के अनुसार तुगलपुर में मुख्य सड़क पर एक निजी हॉस्टल की बस खड़ी थी। रात करीब साढ़े 11 बजे बस में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने बस को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने बस से आग की लपटें उठती देख घटना की सूचना संबंधित विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग बुझा दी गई। घटना के समय बस खाली थी, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति ने बस के पास जलती हुई बीड़ी या सिगरेट फेंक दी होगी। इसके कारण बस में आग लगी हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है। वहीं मीडिया सेल गौतम बुद्धनगर का कहना है कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।