- सेक्टर-15 की घटना, आरोपी युवक पुलिस हिरासत में
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-15 में घर के बाहर बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में युवक ने 73 वर्षीय बुजुर्ग को धक्का दे दिया। इसमें वह चोटिल हो गए और अस्पताल में उनकी की मौत हो गई। घटना के बाद कोतवाली फेज-1 पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर-15 निवासी प्रकाश चंद (73) और उसी इलाके के रहने वाले अंश गोयल (30) के बीच बृहस्पतिवार को घर के सामने बाइक खड़ी करने को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि अंश गोयल ने प्रकाश चंद को धक्का दे दिया। धक्का लगने से बुजुर्ग सड़क पर गिर गए और गंभीर चोट लग गई। परिजन घायल प्रकाश चंद को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक बैंक से सेवानिवृत्त मैनेजर थे, वहीं आरोपी युवक कंपनी में इंजीनियर है और आईआईटी से इंजीनियरिंग से डिग्री हासिल की है।
घटना की सूचना मिलने पर थाना फेस-1 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कोतवाली प्रभारी अमित मान ने बताया कि मृतक के शव का पंचनाम भरने और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी अंश को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।