-एक ने गला दबाया और दूसरा सिर पर मार रहा था हेलमेट
-32 लाख मुआवजे की राशि के लिए रची की हत्या की साजिश
माई सिटी रिपोर्टर। यमुनासिटी। रबूपुरा के गांव कलूपुरा में सगे भाई ने अपने बेटे और दोस्त के साथ मिलकर छोटे भाई की हत्या की साजिश रची थी। जमीन के मुआवजे में मिली 32 लाख की राशि के लिए यह हत्या की गई थी। पुलिस ने हत्या में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जिन्होंने पुलिस की पूछताछ में सारी घटना कबूल की है। कलूपुरा में भीकनपुर जाने वाली सड़क पर बंबा के किनारे 22 फरवरी को एक गन्ने के खेत में पांच दिन से गायब सुखदेव का शव मिला था। शव मिलने के बाद सुखदेव के पिता सुरेश चंद्र शर्मा ने अपने ही बड़े बेटे हरकेश, हरकेश के बेटे हिमांशु, ससुर समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद से ही पुलिस मामले की जांच में जुटी थी और आरोपियों की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने रविवार को हत्या के मुख्य आरोपी हरकेश के बेटे हिमांशु और दोस्त अमित पुत्र तुलाराम निवासी कलूपुरा को गिरफ्तार कर किया है। पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वह मुआवजे की पूरी रकम हासिल करना चाहते थे। इसलिए उन्होंने सुखदेव की हत्या की थी।
बहस के बाद शुरू हुई थी मारपीट : पुलिस ने हिमांशु और अमित से जब पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि उन लोगों ने सुखदेव को मारने की प्लानिंग पहले ही कर ली थी। जब सुखदेव फरीदाबाद से लौटा तो उन्होंने उसे बाहर बात करने के लिए बुलाया और बातचीत शुरू हुई। इस पर हरकेश और सुखदेव के बीच में बहस शुरू हो गई। फिर आरोपियों ने सुखदेव की गर्दन पकड़कर दबा ली और हेलमेट से उसके सिर पर मारना शुरू कर दिया। जब सुखदेव मर गया तो उन्होंने लाश छिपाने के लिए उसे गन्ने के खेत में फेंक दिया था और फिर वहां से भाग गए थे।
देर रात गांव के बाहर से किया गिरफ्तार :
पुलिस ने हत्या में शामिल दोनों अपराधियों को झाझर से जहांगीरपुर जाने वाली सड़क पर गांव मारहरा बम्बा पुलिया के पास से गिरफ्तार किया है। दोनों शहर छोड़कर भागने की फिराक में थे। पुलिस को दोनों की सूचना मिली थी, जिसके बाद दोनों को रात 12:15 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। रबूपुरा थाना प्रभारी श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि दोनों को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया है। मुख्य आरोपी हरकेश की तलाश में दबिश जारी है और जल्दी ही पुलिस उसे भी गिरफ्तार कर लेगी।