रॉबर्ट्सगंज नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला में उपचार करते चिकित
सोनभद्र/केकराही/सलखन/खलियारी। मौसम बदलने और तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण तेजी से लोग वायरल फीवर की चपेट में आ रहे हैं। जिले के चार स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयोजित जन आरोग्य मेले में इलाज कराने पहुंचे 300 मरीजों में सबसे ज्यादा बुखार पीड़ितों की रही।
नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रॉबर्ट्सगंज में आयोजित जन आरोग्य मेले में 46 मरीजों ने उपचार कराया। डॉ. जेपी सिंह ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण लोग वायरल फीवर, सर्दी-खांसी और पेट की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इस मौके पर चरनजीत सिंह, कृष्णकांत चौबे आदि रहे। करमा ब्लॉक के केकराही पीएचसी में 21 मरीजों का उपचार हुआ। डॉ. राकेश कुमार मौर्य ने बताया कि सर्दी, जुकाम, बुखार के मरीजों की संख्या ज्यादा थी।
सलखन स्थित न्यू पीएचसी में 108 मरीजों की जांच की गई। इनमें मलेरिया, टाइफाइड, सर्दी-जुकाम और खांसी के मरीज ज्यादा मिले। वहीं, नगवां ब्लॉक के खलियारी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 125 मरीजों का इलाज किया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅ. अमित सिंह ने बताया कि 125 मरीजों की जांच कर दवाइयां दी गईं। इसमें बुखार, खांसी के मरीज ज्यादा थे। एएनएम सरस्वती देवी ने बताया कि 10 महिलाओं की जांच की गई और तीन का प्रसव कराया गया। इस मौके पर सीएचओ सुनीता यादव, फार्मासिस्ट अनूप कुमार मौजूद रहे।