शोरूम में ग्राहक को एलईडी टीवी दिखाता विक्रेता। -संवाद
लखनऊ। त्योहार सीजन से पहले जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) दरों में कटौती ने ग्राहकों की जेब को राहत दी है। अब सिर्फ त्योहारी छूट ही नहीं, बल्कि नई दरों का फायदा भी इलेक्ट्रॉनिक बाजारों में देखने को मिल रहा है। एलईडी टीवी और एसी जैसे बड़े सामानों पर 10 हजार रुपये तक की कमी दर्ज की गई है।
शहर के हजरतगंज स्थित इलेक्ट्रॉनिक बाजार का जायजा लेने पर छोटे उपकरणों से लेकर टीवी और एसी तक कई सामानों के दामों में गिरावट दिखाई दी। शोरूम संचालक मनीष वैश्य ने बताया कि एक सप्ताह पहले जो एलईडी टीवी 58 से 60 हजार रुपये का था, अब 50 हजार रुपये से भी कम में मिल रहा है।
ग्राहक भी इस बदलाव से खुश नजर आए। एलईडी टीवी लेने पहुंचे मिथलेश भारती ने बताया कि जिस एलईडी टीवी की कीमत पहले 16 हजार रुपये थी, अब वह 14 हजार रुपये से भी कम में उपलब्ध है।
इलेक्ट्रॉनिक आइटम के कारोबारियों के अनुसार, फिलहाल फ्रिज और कूलर पर नई जीएसटी दरें लागू नहीं हुई हैं, लेकिन धनतेरस तक इनके दामों में भी बड़ी कमी देखने को मिलेगी।
कीमतें एक नजर में
सामान पुरानी कीमत नई कीमत (रुपये में)
सैमसंग एलईडी टीवी 55 इंच 58,000 48,000
सोनी एलईडी टीवी 55 इंच 63,000 58,000
सैमसंग एलईडी टीवी 32 इंच 16,500 14,000
एलजी एसी 39,000 34,000