-बच्ची के डूबने की घटना के बाद प्रशासन ने प्राधिकरण को लिखा पत्र
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। खेरली नहर में तार की फेंसिंग और बेरिकेडिंग के लिए जिला प्रशासन ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को पत्र लिखा है। इसमें डूबने के हादसों को रोकने के लिए घनी आबादी के पास तार फेंसिंग या बेरिकेडिंग करने की बात लिखी गई है। एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता ने बुधवार को घटना स्थल का जायजा लिया और इसकी जानकारी दी।
दनकौर-सिकंदराबाद मार्ग पर खेरली हाफिजपुर के पास से गंग नजर निकल रही है। यहां नहर के दोनों तरफ घनी आबादी के क्षेत्र हैं। यहां से बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है। साथ ही गर्मी के समय बड़ी संख्या में लोग नहाने भी पहुंचते हैं। इसके बावजूद यहां पर सुरक्षा के इंतजाम नहीं है। सोमवार रात भी एक बच्ची नहर में डूब गई थी, जिसकी तलाश चल रही है। वहीं एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता ने परिजनों से बातचीत की। एसडीएम ने बताया कि स्थानीय निवासियों ने लगातार शिकायत कर सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है। सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। लोगों की सुरक्षा के लिए नहर के दोनों तरफ बेरिकेडिंग या तार फेंसिंग कराने की जरूरत है। साथ ही वहां पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए जाने चाहिए। इस समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।