माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी/जेवर। गांव लोदोना के एक व्यक्ति ने अपने पड़ोस के कुछ लोगों पर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित कि शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव लोदोना के रहने वाले धनेश ने पुलिस में शिकायत देते हुए बताया कि बुधवार को उनकी भतीजी पायल पौधों में पानी डाल रही थी। इसी दौरान कुछ पानी पड़ोस के रहने वाले शिवकुमार के घर की दीवार पर पड़ गया।
इस पर गुस्साए शिवकुमार और अन्य ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके परिवार के साथ मारपीट की। मारपीट में धनेश, उसका भाई पुरुषोत्तम, भाभी ममता, भतीजी अक्षरा व पायल, पिता कांछीलाल घायल हो गए, जिनका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने दो नामजद और अन्य परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।