-दनकौर में एक किलोमीटर और रबूपुरा में 400 मीटर रोड पर समतल की जा रही रोड
-जीरो प्वाइंट से दयानतपुर तक फर्राटा भरेंगे वाहन, किसानों से विवाद के चलते वर्षों से रुकी पड़ी थी सड़क माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। लंबे समय से अटका 60 मीटर वीआईपी रोड का निर्माण कार्य आखिरकार मंगलवार से शुरू हो गया। इस दौरान दनकौर में लगभग एक किलोमीटर और रबूपुरा में 400 मीटर रोड पर रोड़ी डालकर सड़क समतल की जा रही है। जल्द ही इसपर बिटुमिन डालकर रोड का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट के समानांतर इस रोड पर वाहन दयानतपुर तक फर्राटा भर सकेंगे।
वर्ष 2012 से यमुना एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन के दौरान ही इसके समानांतर 60 मीटर वीआईपी रोड का भी निर्माण किया गया था। यह छह लेन की रोड क्षेत्रवासियों के लिए बिना टोल के अपने गंतव्य तक जाने के लिए बनाई गई थी। जीरो प्वाइंट से शुरू होकर यह रोड जेवर के दयानतपुर होते हुए नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक जानी थी। हालांकि, इसमें तीन स्थानों दनकौर, रबूपुरा और जेवर के दयानतपुर पर किसानों से भूमि न मिलने के कारण अवरोध थे। दनकौर में करीब सात सौ मीटर भूमि और रबूपुरा में करीब चार सौ मीटर भूमि नहीं मिल सकी थी। इसके अलावा जेवर के दयानतपुर से नोएडा हवाई अड्डे तक करीब सात किलोमीटर तक रोड की अड़चन थी। यमुना प्राधिकरण ने दनकौर और रबूपुरा में इन स्थानों पर किनारे से दूसरे रास्ते पर डबल रोड निकालकर अस्थायी तौर पर यातायात सुचारू कर दिया।
चार माह पहले शुरू हुआ था निर्माण कार्य :
दनकौर और रबूपुरा में 60 मीटर रोड पर चार माह पहले किसानों से सहमति के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था। रबूपुरा में तो मिट्टी समतल कर छोड़ दी गई थी। वहीं, दनकौर में भी रोड को समतल किया गया था। कुछ दिन बाद काम रोक दिया गया। अब दोबारा से निर्माण कार्य शुरू किया गया है। रबूपुरा और दनकौर दोनों स्थानों पर रोड़ी डालकर जेसीबी और रोड रोलर से रोड को समतल किया जा रहा है।
रबूपुरा और दनकौर में 60 मीटर रोड पर तेजी से काम चल रहा है। वहीं, जेवर के दयानतपुर में किसानों से भूमि खरीद की प्रक्रिया चल रही है। इसे तीन माह में पूरा कर नोएडा एयरपोर्ट तक जोड़ दिया जाएगा।
-राकेश कुमार सिंह, सीईओ यमुना प्राधिकरण