- खाद्य विभाग की टीम ने रेलवे रोड दादरी में की कार्रवाई, नमूना भी जांच को भेजा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। खाद्य विभाग की टीमों ने बुधवार को नोएडा से लेकर ग्रेटर नोएडा में खाद्य पदार्थों की जांच की। जांच के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से 10 खाद्य पदार्थों का नमूना लिया गया है। साथ ही दादरी रेलवे रोड पर एक गाड़ी में 150 किग्रा दूषित पनीर पकड़ा है। एक नमूना लेने के बाद बाकी को नष्ट करा दिया गया है। वहीं सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।
सहायक आयुक्त द्वितीय खाद्य सर्वेश मिश्रा ने बताया कि होली को लेकर जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के बेचने व बनाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने रेलवे रोड दादरी पर दिलशाद निवासी कादलपुर दनकौर के वाहन को रोका। वाहन में करीब 150 किग्रा पनीर था। जो प्रथम दृष्ट्या मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त और अस्वच्छ मिला। उसे बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। एक नमूना लेने के बाद बाकी पनीर को नष्ट करा दिया गया। इसी टीम ने औद्योगिक सेक्टर साइट-सी में वर्सेटाइल फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम से स्किम्ड मिल्क पाउडर का एक नमूना लिया है। कासना बस अड्डा व घरबरा रोड पर स्थित आस मोहम्मद चिकन बिरयानी व इकबाल चिकन बिरयानी से चिकन बिरयानी का एक-एक नमूना लिया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल व रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने सुबह यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पर चेकिंग की। यहां वीरेंद्र सिंह निवासी खैर अलीगढ़ की गाड़ी में खोया मिला। जो दिल्ली सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था। उसका एक नमूना लिया गया। वहीं निगम सिंह निवासी खैर टप्पल अलीगढ़ की गाड़ी से दूध का एक नमूना लिया गया है। वहीं एक अन्य टीम ने रबूपुरा स्थित कामरान डेयरी से क्रीम व दूध का एक-एक नमूना लिया है। मेहंदीपुर बांगर स्थित अजहर डेयरी से दूध व रंगीन छेना मिठाई का एक-एक नमूना लिया है।