-समृद्धि लक्जुरिया सोसाइटी में ऑपरेशन मैनेजर और महिला किरायेदार आमने-सामने
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-150 स्थित समृद्धि लक्जुरिया एवेन्यू सोसाइटी में ऑपरेशन मैनेजर और महिला किरायेदार के बीच सोसाइटी में प्रवेश को लेकर विवाद हो गया। नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर रविवार को तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है। ऑपरेशन मैनेजर इन्दू चौधरी का आरोप है कि प्रियंका गुप्ता आए दिन कार्यालय आकर उन्हें नौकरी से हटवाने की धमकी देती हैं। 2 अक्तूबर को प्रियंका ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर उनके बारे में गलत और अपमानजनक बातें कहीं।
इंदु का कहना है कि सोसाइटी में सुरक्षा के लिए आने-जाने वाले लोगों की आईडी जांच की जाती है। प्रियंका से मिलने आने वाले लोगों से पूछताछ किए जाने पर वह नाराज हो गईं। रविवार को प्रियंका अपनी सहेली और दो बाउंसरों के साथ सोसाइटी पहुंचीं और महिलाओं व पुरुषों से अभद्रता की। विरोध करने पर मारपीट और दुष्कर्म के मामले में जेल भिजवाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
वहीं सोसाइटी निवासी प्रियंका का आरोप है कि इन्दू चौधरी काफी समय से उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान कर रही हैं। प्रियंका ने तहरीर में यह भी कहा कि उत्पीड़न से परेशान होकर उन्होंने दो महीने के भीतर आत्महत्या का प्रयास किया। रविवार को सामान और एक मीडियाकर्मी को अंदर आने से रोकने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इन्दू चौधरी, निकिता यादव और वैशाली घबरा ने उनके साथ मारपीट की। वहीं पुलिस की ओर से तीनों मामलों की जांच उपनिरीक्षक नीतू यादव को सौंपी गई है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।