दनकौर। कस्बा निवासी एक व्यक्ति पर पत्नी से अभद्रता का विरोध करने पर आरोपी ने ईंट से हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया। उसने सोमवार को दनकौर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ शिकायत दी है। युवक ने बताया कि उसकी पत्नी ग्रेटर नोएडा स्थित एक कंपनी में नौकरी करती थी। वहीं, काम करने वाले एक युवक ने कुछ महीने पहले उसे डरा-धमकाकर उसकी अश्लील तस्वीरें ले ली थीं। आरोप है कि इसके बाद वह पत्नी को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। परेशान होकर महिला ने उस कंपनी की नौकरी छोड़ दी और दनकौर कस्बे में एक व्यक्ति के घर पर काम करने लगी।
आरोप है कि सोमवार को जब महिला काम से लौटकर घर जा रही थी, तभी आरोपी ने रास्ते में उसे रोक लिया और उसके साथ अभद्रता करने लगा। साथ ही उसने अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इसी दौरान महिला का पति मौके पर पहुंच गया और उसने आरोपी की हरकत का विरोध किया। विरोध करने पर आरोपी ने गुस्से में आकर युवक पर ईंट से हमला कर दिया। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि मामले में शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। संवाद