माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ला रेजिडेंशिया सोसाइटी में लिफ्टों के रखरखाव की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। सोसाइटी में मंगलवार को एक टॉवर की दोनों लिफ्ट अचानक बंद हो गई, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई। आरोप है कि लिफ्टों में लगे सुरक्षा उपकरण सही तरीके से काम नहीं कर रहे हैं, जिससे उनकी सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है।
सोसाइटी के टी29 टावर में मंगलवार दोपहर अचानक दोनों लिफ्टों ने काम करना बंद कर दिया। टॉवर में रहने वाले रमेश कुमार ने बताया कि जब वह लिफ्ट के पास पहुंचे तो एक लिफ्ट का दरवाजा खुला हुआ था और वह ग्राउंड फ्लोर पर अटकी हुई थी। वहीं, दूसरी लिफ्ट में बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण वह बंद पड़ी थी। इस दौरान टॉवर में कोई सुरक्षाकर्मी भी मौजूद नहीं था, जिससे लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। लिफ्ट खराब होने की समस्या आए दिन सामने आती रहती है।
लोगों को सीढ़ियों का लेना पड़ा सहारा : निवासियों को लिफ्ट बंद होने पर सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ा। कई बार लिफ्ट बीच में रोक जाने के कारण बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं। इसके अलावा लिफ्ट के अंदर लगी लाइट और पंखे भी ठीक से काम नहीं करते, जिससे लोगों में डर बना रहता है। बच्चे अकेले लिफ्ट का इस्तेमाल करने से बचते हैं। आरोप है कि इससे पहले भी टॉवर में करीब 15 दिनों तक लिफ्ट संचालन बाधित रहा था, तब भी लोगों को सीढ़ियों के जरिए आना-जाना पड़ा था।