अब एनजीओ और स्वयंसेवी संस्थाएं करेंगी गोशालाओं का संचालन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में अब ग्राम पंचायतों द्वारा संचालित गोशालाओं का संचालन एनजीओ और स्वयंसेवी संस्थाओं को सौंपा जाएगा। इसके लिए आवेदन मांगे गए हैं। शासन ने खटाना गांव की गोशाला को एक एनजीओ को सौंपने की अनुमति भी दे दी है। वहीं, दो अन्य गोशालाओं के लिए प्राप्त आवेदन शासन स्तर पर विचाराधीन हैं। पशुपालन विभाग ने ‘रुचि की अभिव्यक्ति’ के आधार पर एनजीओ, कॉरपोरेट फर्मों, पंजीकृत समितियों, एफपीओ और स्वयं सहायता समूहों से गो आश्रय स्थलों के संचालन कराने की योजना बनाई है। जिसके तहत 15 मई तक आवेदन मांगे हैं।
गौतमबुद्धनगर में पांच गोशाला का संचालन ग्राम पंचायतों के द्वारा किया जाता है। इनमें बिसाहड़ा, ततारपुर, प्यावली, खटाना और खंदेड़ा शामिल हैं। इन गोशालाओं का संचालन एनजीओ को देने की प्रक्रिया चल रही है। खटाना गोशाला के संचालन के लिए एक एनजीओ का आवेदन शासन स्तर से मंजूर हो चुका है। उनको सुपुर्द करने की प्रक्रिया चल रही है।
एनजीओ समेत स्वयं सहायता समूहों से गोशालाओं के संचालन के लिए आवेदन मांगे गए हैं। प्राप्त आवेदनों को शासन स्तर पर भेजा जाएगा। जिन आवेदनों को मंजूरी मिलेगी, उन्हें संचालन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। - अरुण कुमार सचान, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, गौतमबुद्धनगर