-बुधवार को गुजरात से हरियाणा के पलवल स्थित हिंद टर्मिनल पर माल लेकर पहुंची मालगाड़ी
-अभी तक 22.1 से 23.1 टन एक्सल लोड थी क्षमता, अब अधिक वजन ले जा सकेंगी मालगाड़ियां
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कारपोरेशन ऑफ इंडिया (डीएफसीसीआईएल) के ईस्टर्न कॉरिडोर पर पहली बार 25-टन एक्सल लोड मालगाड़ी दौड़ी हैं। जो गुजरात से हरियाणा के पलवल स्थित हिंद टर्मिनल पर पहुंची। अफसरों ने बताया कि अब क्षमता बढ़ने से मालगाड़ी ज्यादा माल ला सकेगी। इससे समय की भी बचत होगी। साथ ही कम समय में माल एक से दूसरी जगह तक पहुंचेगा। डीएफसीसी भविष्य में सभी मालगाड़ियों में 25-टन एक्सल का प्रयोग करेगा।
डीएफसीसी के अफसरों ने बताया कि मालगाड़ियों का अभी तक 22.1 से 23.1 टन एक्सल लोड (धुरी/पहियों का जोड़ा) था। अब इसकी क्षमता बढ़ाकर 25-टन एक्सल लोड कर दिया गया है। क्षमता बढ़ने से अब पहियों पर अधिक वजन डाला जा सकता है। डीएफसीसी के इतिहास में पहली बार 25-टन एक्सल लोड वाली मालगाड़ी का संचालन सफल रहा।
1106 किमी की तय की दूरी :
बुधवार को स्टील कॉइल्स लेकर गुजरात के न्यू गोथां गांव स्थित गति शक्ति कार्गो टर्मिनल से मालगाड़ी रवाना हुई थी। जो 1106 किमी की दूरी तय कर हरियाणा के पलवल स्थित हिंद टर्मिनल पर पहुंच गई। इस दौरान मालगाड़ी ने 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार भी तय की। अफसरों ने बताया कि मालगाड़ी में 45 वैगन थे। क्षमता बढ़ने से अधिक माल लाया गया है। अब कम फेरों में अधिक माल की ढ़ुलाई की जा सकेगी। क्षमता बढ़ने से एक वैगन में 8.4 टन अतिरिक्त माल लाया जा सकता है। जो मालगाड़ी पहुंची है, उसमें 378 टन अधिक माल लाया गया है।