माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर चाई-5 स्थित प्रोव्यू टेक्नोसिटी अपार्टमेंट में एक महिला ने सोसाइटी के सुरक्षा गार्डों और दो युवकों पर अभद्रता, गाली-गलौज का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर सोमवार को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। पीड़िता गरिमा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 फरवरी की रात वह अपने भाइयों के साथ घर लौट रही थीं।
इस दौरान सोसाइटी के मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड नीरज और राहुल ने उन्हें रोक लिया। गरिमा के अनुसार उन्होंने गार्डों को बताया कि वह सोसाइटी के फ्लैट में रहती हैं। बावजूद लोकेश भाटी और उसका साथी रकम भाटी बातचीत में हस्तक्षेप करते हुए उनसे अभद्रता करने लगे। दोनों युवक नशे की हालत में थे। उन्होंने उनके भाइयों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। घर पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। कुछ देर बाद जब उनकी मां मौके पर पहुंचीं तो आरोपी वहां से जा चुके थे। बाद में जब उन्हें बुलाया गया तो वे फिर से आकर धमकी देने लगे। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।