ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में निक्की भाटी हत्याकांड के अहम सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्य अदालत के निर्देश पर पुलिस ने सुरक्षित रखने की जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि सभी सबूत केस डायरी में शामिल किए जाएंगे।
-न्यायालय की मांगी आख्या पर पुलिस बोली-सभी अहम सबूत होंगे केस डायरी का हिस्सा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। कासना कोतवाली क्षेत्र के सिरसा गांव में निक्की भाटी हत्याकांड में आरोपी पक्ष के परिजनों ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर घटना से संबंधित सभी सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की थी। प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने कोतवाली से आख्या तलब कर घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज एवं साक्ष्यों की स्थिति पर जानकारी मांगी थी। पुलिस ने अदालत को अवगत कराया कि घटना से जुड़े सभी फुटेज और अहम साक्ष्य एकत्रित कर सुरक्षित हैं। इन्हें विवेचना में शामिल करते हुए केस डायरी का हिस्सा बनाया जाएगा।
आरोपित पक्ष के अधिवक्ता अमित भाटी बोड़ाकी ने बताया कि न्यायालय में आवेदन देकर सिरसा गांव की दुकानों, टोल टैक्स, फोर्टिस अस्पताल सहित अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने और उन्हें विवेचना का हिस्सा बनाने का आग्रह किया था। न्यायालय ने इस पर आदेश पारित कर थाना पुलिस से रिपोर्ट मांगी थी। घटना में विपिन और उनके परिजन कहीं शामिल नहीं थे। उनके पास इस दावे को प्रमाणित करने वाले अहम साक्ष्य मौजूद हैं। निष्पक्ष जांच के लिए सभी फुटेज और साक्ष्यों को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। पुलिस ने अवगत कराया है कि अब तक की विवेचना में प्राप्त सभी सबूतों को सुरक्षित रखकर केस डायरी में जोड़ा जाएगा।