दादरी (संवाद)। कोतवाली दादरी क्षेत्र के सेक्टर म्यू-2 में पत्नी के व्यवहार से परेशान होकर एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के भाई का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी पत्नी अक्सर विवाद करती थी और साथ रहने से इनकार करती थी। पति के विरोध के बावजूद पत्नी घर पर एक अन्य व्यक्ति को बुलाती थी। मामले में मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी समेत दो नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा के मुताबिक मथुरापुर गांव निवासी पंकज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके भाई सोनू की शादी 11 जुलाई 2013 को बुलंदशहर के शेरपुर गांव निवासी प्रीति के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही प्रीति और सोनू के बीच आए दिन विवाद होता था। प्रीति कथित तौर पर सोनू से कहती थी कि वह उसे पसंद नहीं करती और उसके साथ नहीं रहना चाहती। परिवार को बचाने और विवाद खत्म करने के प्रयास में सोनू पत्नी के कहने पर सेक्टर म्यू-2 में परिवार के साथ रहने लगा। आरोप है कि प्रीति मकान पर एक अन्य व्यक्ति को बुलाने लगी। पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को सोनू ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।