माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित गोल्फ होम्स सोसाइटी में निर्माणाधीन टावर में काम के दौरान सेफ्टी बेल्ट टूटने से 14वीं मंजिल से गिरकर दो श्रमिकों की मौत के मामले में केस दर्ज हो गया है। पुलिस ने परिजन की तहरीर पर रविवार को मेंटेनेंस मैनेजर, साइट मैनेजर और ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। कूचबिहार जिले के साहिबगंज थाना क्षेत्र के कलामती गांव निवासी सरकार (19) और जमाल शेख (45) शनिवार शाम निर्माणाधीन टावर की 14वीं मंजिल पर काम कर रहे थे। इसी दौरान सेफ्टी बेल्ट टूटने से दोनों छठीं मंजिल पर आ गिरे। यहां सरिया के स्ट्रक्चर पर गिरने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजन को सौंप दिया गया। हादसे के बाद परिजन की ओर से मामले में तहरीर दी गई थी। कार्यवाहक इंस्पेक्टर सतेंद्र कुमार का कहना है कि मामले में परिजन की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।