बाजार में भिड़े दो पक्ष, दो गिरफ्तार, बाकी भाग निकले
-सेक्टर-113 थाने में पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सर्फाबाद में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट और हंगामा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कई अन्य लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जिन दो लोगों को पकड़ा है उनकी पहचान अलीगढ़ निवासी राजेश सिंह और सर्फाबाद गांव निवासी हरेंद्र यादव के रूप में हुई है। दोनों अलग अलग पक्ष के हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि विवाद की शुरुआत आपसी कहासुनी से हुई थी। उन्होंने बताया कि नीरज और तन्निक नाम के युवकों के बीच पहले से ही किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच बहस हो गई और बात बढ़कर गाली-गलौज तक पहुंच गई। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को फोन करके अपने-अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के कई लोग वहां पहुंच गए और फिर आपस में मारपीट शुरू हो गई। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला करने लगे और मौके पर काफी हंगामा हो गया। पुलिस के मुताबिक मारपीट करने वालों में कुछ लोग अलीगढ़ और आसपास के जिलों के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि कुछ स्थानीय लोग भी शामिल हैं। थाना प्रभारी विपन कुमार यादव ने बताया कि घटनाक्रम की जांच करवाई जा रही है।