सेक्टर-18 सैलून से 1.18 लाख रुपये की नकदी और मोबाइल चोरी, आरोपी गिरफ्तार
माई सिटी रिपोर्टर
नोढडा। सेक्टर-18 स्थित एक सैलून से 1.18 लाख रुपये की नकदी और दो मोबाइल फोन चोरी हो गए। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की कुछ नकदी और एक चाकू बरामद किया गया है। आरोपी की पहचान हाथरस निवासी साजन के रूप में हुई है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी शैली शर्मा सेक्टर-18 में सैलून चलाती हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आठ अगस्त की रात करीब दस बजे वह सैलून बंद कर घर चली गई थीं। अगले दिन सुबह जब वह सैलून पहुंचीं तो आपातकालीन दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जांच करने पर कैश काउंटर में रखे 1.18 लाख रुपये और दो मोबाइल फोन गायब थे। चोरी की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को आरोपी साजन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्तमान में बहलोलपुर गांव में रह रहा है। एसीपी प्रवीण सिंह ने बताया कि थाना पुलिस की पूछताछ में 22 वर्षीय आरोपी साजन ने चोरी की बात कबूल की। उसने बताया कि चोरी के दोनों मोबाइल फोन उसने राहगीरों को बेच दिए थे। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की कुछ नकदी बरामद की है। साथ ही, उसके कब्जे से एक चाकू भी मिला है।