-शॉर्ट सर्किट के कारण सुबह 6 बजे लगी थी आग, दमकल की दो गाड़ियां पहुंची
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। जेवर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक जूते-चप्पल और कपड़े के शोरूम में भीषण आग लग गई। सुबह जब आग लगी, तब बाजार बंद था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और उसकी लपटें शोरूम के बाहर निकलनी शुरू हो गईं। लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को जानकारी दी। जानकारी मिलने पर जेवर और ग्रेटर नोएडा से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
तहसील के नजदीक मोरनी वाली हवेली के पीछे, बैंक वाली गली में सचिन मित्तल का जूते-चप्पल और कपड़े का शोरूम है। नीचे जूते-चप्पल की दुकान संचालित होती थी और ऊपर कपड़े का शोरूम था। शोरूम के नजदीक ही उनका घर भी हैं, जहां उनका पूरा परिवार रहता है। लोगों ने बताया कि सुबह लगभग 6 बजे के आसपास उन्होंने दुकान से भीषण आग की पलटे उठती देखी तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। लोगों ने तुरंत सचिन को जानकारी दी और कंट्रोल रूम को भी सूचना दी। आसपास के लोगों ने खुद ही पानी और मिट्टी फेंककर आग बुझानी शुरू की। जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर पूरी तरह से काबू पाया। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि शोरूम के अंदर रखा एक भी सामान नहीं बचा और पूरी तरह से जलकर खाक हो गया। वहीं आग की गर्मी के कारण शोरूम का लेंटर भी टूटकर गिर गया।