- बेसमेंट व पार्किंग में मलवा जमा, वाहनों के लिए व्यवस्थित जगह नहीं
- कई दिनों से कूड़ा न उठाने से बदबू के साथ मच्छरों की समस्या बढ़ी
मुबस्सिर हुसैन
यमुना सिटी। यमुना सिटी की विभिन्न सोसाइटियों में इन दिनों सफाई व्यवस्था चरमराती नजर आ रही है। सोसाइटी परिसर में जगह-जगह कूड़े के ढेर और बेसमेंट में जमा मलवे के कारण निवासी परेशान हैं। कूड़ा समय पर न उठाने और नालियों की नियमित सफाई न होने से गंदगी फैल रही है, जिससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
निवासियों का कहना है कि कई दिनों तक कूड़ा नहीं उठने के कारण बदबू फैलती है और मच्छरों की समस्या भी बढ़ रही है। इसका असर सीधे स्वास्थ्य पर पड़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ सकते हैं। सोसाइटी के लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रबंधन को शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
गौड़ यमुना सिटी सोसाइटी में पिछले कई दिनों से पार्किंग और बेसमेंट में जगह-जगह मलवा जमा कर दिया गया है। पार्किंग में वाहनों के लिए उचित व्यवस्था नहीं है, जिससे वाहनों को पार्किंग में खड़ा करने के लिए निवासियों को काफी ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा सोसाइटी में कूड़े-कचरे को कूड़ेदान की जगह पार्किंग में ही फेंक दिया जाता है, जिससे पार्किंग में ही कूड़े का ढेर बन गया है।
वहीं यमुना सिटी स्थित सेक्टर 22-डी सोसाइटी में भी साफ-सफाई की व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही है और कूड़ा भी समय पर नहीं उठाया जा रहा है। इसके कारण सोसाइटी के कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लग गए हैं, जिससे बदबू फैल रही है ।
पार्किंग और बेसमेंट में जगह-जगह मलवा डाल दिया गया है, जिससे गाड़ियों को खड़ा करने में परेशानी होती है। साथ ही कूड़ा-कचरा भी फेंका जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य और वातावरण पर बुरा असर पड़ रहा है।
-श्रवण कुमार अवाना, निवासी, गौड़ यमुना सिटी सोसाइटी
सोसाइटी में साफ-सफाई की व्यवस्था बिल्कुल असंतोषजनक है। कूड़ा नियमित रूप से नहीं उठाया जा रहा है, जिससे जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। संबंधित विभाग से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
-राकेश त्रिपाठी, अध्यक्ष, सेक्टर-22डी सोसाइटी वेलफेयर एसोसिएशन