- सेक्टर-63 स्थित एक कंपनी में सेंध लगाकर चोर ले गए थे सामान
- एक साल बाद कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई प्राथमिकी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-63 स्थित एक कंपनी में सेंध लगाकर चोर लगभग एक करोड़ रुपये का सामान चोरी कर ले गए। घटना के करीब एक साल बाद कोर्ट के आदेश पर कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। कंपनी ने चोरी हुए सामान की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई है। पुलिस अब घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है।
संभल के कोटला निवासी मोहम्मद शारिक वर्तमान में दिल्ली के ओखला इलाके में रहते हैं। वह सेक्टर-63 के ई ब्लॉक स्थित मुकिम एंड ब्रादर्स प्राइवेट लिमिटेड के कॉरपोरेट कार्यालय में इंचार्ज हैं। उन्होंने कोर्ट में अर्जी दी है कि 17 सितंबर 2025 की रात चोर कंपनी के कार्यालय में दाखिल हुए। आरोप है कि चोरों ने खिड़की, दरवाजे और रोशनदान तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कार्यालय में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर करीब 25 लाख रुपये कीमत के हस्तशिल्प और सजावटी सामान, 20 लाख रुपये के कपड़े, पांच लाख रुपये के फायर हाइड्रेंट सिस्टम से संबंधित उपकरण और करीब छह लाख रुपये के बिजली के तार ले गए।
इसके अलावा करीब 15 लाख रुपये कीमत के खिड़की, रोशनदान और दरवाजे तथा लगभग 30 लाख रुपये के शौचालयों में लगे उपकरण भी चोरी किए गए। घटना की जानकारी मिलने पर शारिक ने 18 सितंबर को पुलिस को सूचना दी थी। उनका कहना है कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण भी किया, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की। एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।