यमुना सिटी (संवाद)। यमुना सिटी क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। जेवर, रबूपुरा, दनकौर, बिलासपुर और जहांगीरपुर क्षेत्र के नागरिकों ने निर्धारित समय से अधिक बिजली गुल रहने की शिकायत की है। नगर पंचायत मुख्यालयों में प्रतिदिन करीब तीन घंटे और गांवों में छह घंटे बिजली कटौती का शेड्यूल है। इसके बावजूद कई स्थानों पर तीन से चार घंटे अतिरिक्त कटौती हो रही है। कुछ क्षेत्रों में रोजाना सात से आठ घंटे तक बिजली नहीं आने से गर्मी और उमस में लोगों को दिक्कत हो रही है। बिजली कटौती के दौरान पंखे और कूलर बंद होने से घरों में परेशानी बढ़ जाती है। वहीं, बिजली पर निर्भर छोटे कारोबार और जरूरी काम भी प्रभावित हो रहे हैं। लोगों ने नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।