- सेक्टर-18 स्थित वेव वन मॉल के गेट नंबर आठ के पास हुई वारदात
नोएडा। सेक्टर-18 में एक चिकित्सक के साथ हुई लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। चिकित्सक जब एक शोरूम में खरीदारी कर रहे थे, तभी चोरों ने उनकी कार से नकदी से भरा बैग पार कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़ित ने इस संबंध में सेक्टर 20 थाने में मामला दर्ज कराया है।
घटना सेक्टर 151 की जेपी अमन सोसाइटी में रहने वाले चिकित्सक डॉ. वैभव उपाध्याय के साथ हुई। बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे डॉ. उपाध्याय अपनी कार से सेक्टर-18 स्थित वेव वन मॉल के गेट नंबर आठ के पास सडक़ किनारे बनी पार्किंग में आए थे। उन्होंने अपनी कार खड़ी की और करीब सवा घंटे तक मॉल के अंदर खरीदारी करते रहे। जब डॉ. उपाध्याय वापस अपनी कार के पास पहुंचे और घर के लिए रवाना हुए, तो सोसायटी पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पिछली सीट पर रखा उनका बैग गायब है। पीड़ित के अनुसार, बैग में करीब एक लाख रुपये नकद, महत्वपूर्ण कागजात और अन्य कीमती सामान था। एसीपी प्रवीण सिंह ने बताया कि पुलिस पार्किंग स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।