-नियमों के खिलाफ जाकर तत्कालीन सीएमएस ने जिला अस्पताल में की थी 17 स्वास्थ्यकर्मियों की भर्ती
-शासन के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने भी शुरू की मामले की जांच
माई सिटी रिपोर्टर नोएडा। सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के तहत नियमों के खिलाफ 17 स्वास्थ्यकर्मियों की भर्ती के मामले में शासन भी सख्त हो गया है। इस मामले में स्वास्थ्य कर्मियों की भर्ती करने वाली तत्कालीन सीएमएस से 50 लाख से अधिक की धनराशि रिकवर की जाएगी। इस संबंध में शासन की ओर से जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं ।
वहीं दूसरी ओर, जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला अस्पताल प्रबंधन ने भर्ती प्रक्रिया से संबंधित कागजात एकत्र करने शुरू कर दिए हैं। इसके साथ ही दोनों तत्कालीन सीएमएस को नोटिस जारी करके भर्ती प्रक्रिया और अन्य पहलुओं की जानकारी मांगी है। अस्पताल प्रशासन की ओर से यह रिपोर्ट जिला प्रशासन को रिपोर्ट दी जाएगी। बता दें कि 2023 अगस्त और 2025 के अलग-अलग महीनों में जिला अस्पताल में 15 स्टाफ नर्स और दो लैब टेक्नीशियन की भर्ती की गई थी।
शासन के निर्देश के बावजूद तत्कालीन सीएमएस ने एक एजेंसी के माध्यम से 17 स्वास्थ्यकर्मियों की भर्ती को अप्रूवल दिया और जिला अस्पताल में ही भर्तियां की गई थीं। 2023 अगस्त से लेकर इस वर्ष जून महीने तक इन कर्मियों का वेतन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन देता रहा। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अशोक कुमार झा ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से 17 कर्मियों की भर्ती से संबंधित जानकारी मांगी गई है। भर्तियों के दौरान रहीं दो सीएमएस को नोटिस जारी कर सभी पहलू की जानकारी मांगी है।
इस तरह खुला मामला : बता दें कि जिला अस्पताल में 17 स्वास्थ्यकर्मियों की भर्ती को 2023 से इस साल जून तक इसलिए वेतन मिलता रहा क्योंकि पहले स्वास्थ्यकर्मियों की संख्या और उनके नाम के आधार पर वेतन दिया जाता था, लेकिन जून महीने में एनएचएम ने सभी जिलों से स्वास्थ्यकर्मियों के नाम, संख्या, पद आदि साथ ही ज्वाइनिंग की तारीख भी मांगी। जिला अस्पताल से स्वास्थ्यकर्मियों की ज्वाइनिंग तारीख भी पहली बार भेजी गई। ऐसे में पता चला कि इनकी ज्वाइनिंग अगस्त 2023 के बाद हुई है, जबकि इस तरह की भर्तियां स्थानीय स्तर पर 2023 मई में ही रोक दी गई थीं।