संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। मुहर्रम के अवसर पर शहर में निकलने वाले मातमी जुलूसों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां की है। विभिन्न सेक्टरों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिसकर्मी रात से ही व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं और जुलूस मार्गों पर बैरिकेडिंग लगाने के साथ-साथ यातायात संचालन की विशेष योजना भी लागू की गई है।
मुहर्रम के मौके पर शुक्रवार को शहर के विभिन्न इलाकों में हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों की शहादत को याद करते हुए मातमी जुलूस निकाले जाएंगे। प्रमुख जुलूस सेक्टर-8 स्थित जामा मस्जिद से शुरू होकर सेक्टर-9, बांस-बल्ली मार्केट, बैंक ऑफ इंडिया मार्ग, सेक्टर-21 स्टेडियम चौराहा और सेक्टर-12 से गुजरते हुए सेक्टर-4 पार्क पर संपन्न होगा। इसके अलावा सेक्टर-22 से भी एक जुलूस निकाला जाएगा, जबकि एक अन्य जुलूस एडोब चौराहे से शुरू होकर निर्धारित मार्गों से गुजरेगा। जुलूसों के मद्देनजर पुलिस ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किया है।