- पुलिस की प्राथमिक जांच में निकाला कारण, परिवहन विभाग ने भी की जांच
- पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने यूपी रोडवेज की तकनीकी टीम के साथ जांच की
- बस में एक दोपहिया वाहन भी रखा था, वो भी जलकर हो गया राख
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार की शाम बस में लगी आग इंजन से शुरू हुई थी। आशंका है कि पाइप फटने के बाद डीजल का रिसाव हुआ। उसी से आग लगी। पुलिस का कहना है कि मौजूद लोगों ने बताया कि बस से डीजल निकलता दिखा था। डीजल निकलने के कारण आग तेजी से फैली हैं। वहीं पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने यूपी रोडवेज की तकनीकी टीम के साथ मिलकर जांच की। हालांकि पुलिस ने अभी आग के कारण स्पष्ट नहीं होने का दावा किया हैं।
मंगलवार शाम नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग लग गई थी। बस में आग फैलने से पहले ही सभी 32 यात्रियों को उतार लिया गया था। वहीं पुलिस आग के कारण का पता लगाने में लगी है। फॉरेंसिक टीम और यूपी रोडवेज की तकनीकी टीम ने भी बस की जांच की हैं। हालांकि किसी की तरफ से पुलिस को शिकायत नहीं मिली है। पुलिस अपने स्तर पर जांच में लगी है। पुलिस इंजन में आग लगने की बात कह रही है। ऐसे में आशंका है कि पाइप फटने के बाद डीजल के रिसाव से आग लगी होगी।
बाइक भी जली, अन्य सामान की भी जांच : बस के पिछले हिस्से में एक दोपहिया वाहन भी रखा था। जो बाइक बताई जा रही है। आग में वह भी जलकर राख हो गई। वहीं बस में रखा यात्रियों का सामान भी जल गया है। पुलिस जांच कर रही है कि सामान में ज्वलनशील पदार्थ तो नहीं था। वहीं यात्रियों ने अपने सामान की भरपाई कराने की मांग की है।