- न्यूरोसर्जन चिकित्सक ने पत्नी के खिलाफ दर्ज कराई मारपीट की प्राथमिकी
-मानसिक उत्पीड़न और झगड़े का लगाया आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बिसरख इलाके में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें मरीजों की जान बचाने वाला न्यूरोसर्जरी का डॉक्टर खुद घरेलू तनाव से जूझता नजर आ रहा है। पत्नी के उग्र व्यवहार से परेशान डॉक्टर ने बिसरख कोतवाली पुलिस में बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
यथार्थ सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में डीएनबी न्यूरोसर्जरी कोर्स कर रहे डॉ. मोहित बिस्वास ने अपनी पत्नी पर मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और अस्पताल पहुंचकर हंगामा करने के आरोप लगाए हैं। लखनऊ निवासी डॉ. मोहित ने बिसरख कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2021 में उन्होंने उत्तराखंड निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों की एक बेटी हुई, जो फिलहाल अपने नाना-नानी के पास उत्तराखंड में रह रही है।
डॉक्टर का कहना है कि न्यूरोसर्जरी की पढ़ाई और अस्पताल की व्यस्त ड्यूटी के चलते वह अस्पताल परिसर के हॉस्टल में रहते हैं, जबकि उनकी पत्नी बिसरख के एक फ्लैट में रहती हैं और गाजियाबाद के एक डेंटल कॉलेज में कार्यरत हैं। शिकायत के मुताबिक पति-पत्नी के रिश्तों में लंबे समय से तनाव चल रहा है। डॉक्टर ने आरोप लगाया कि 1 फरवरी की रात करीब डेढ़ बजे उनकी पत्नी अस्पताल पहुंची और उन्हें ड्यूटी से बाहर बुलाकर गाली-गलौज करने लगी थी। आरोप है कि समझाने के लिए जब वह पत्नी को कार में बैठाकर ले गए तो कार के अंदर उनके साथ मारपीट की गई थी। पीड़ित डॉक्टर ने इसे मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न बताते हुए पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर पूरे विवाद की परतें खंगालने में जुटी है।