नोएडा। सेक्टर-62 गोलचक्कर पर ऑटो का इंतजार कर रहे एक युवक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान मोदीनगर निवासी अभिषेक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अभिषेक 12 अक्टूबर को नोएडा में अपने दोस्त से मिलने आया था और लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। कार चालक टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। पीड़ित के भाई अतुल कुमार की शिकायत पर पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। ब्यूरो
फूलमंडी चौराहे से कैमरों के उपकरण चोरी
नोएडा। शहर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगाए गए आईएसटीएमएस कैमरों की साइट से एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। चोर फूलमंडी चौराहे स्थित कैमरा साइट से 12 बैटरी, दो यूपीएस, दो ओएफसी मॉड्यूल, नेटवर्क स्विच पावर और एम्प्लीफायर समेत कई उपकरण चोरी कर लिए। देखरेख करने वाली कंपनी एफकोन इंडिया के फील्ड सुपरवाइजर सुभाष चंद शर्मा ने फेज-2 थाने में शिकायत दर्ज कराई। एसीपी वर्णिका सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। ब्यूरो