बिलासपुर/ग्रेटर नोएडा। दनकौर थाना क्षेत्र के चीती गांव निवासी एक युवक के पिता की ऑक्सीजन न मिलने के कारण बृहस्पतिवार को मौत हो गई। सांस लेने में दिक्कत होने पर सिकंदराबाद के अस्पताल से खुर्जा के अस्पताल ले जाने के दौरान उन्होंने दम तोड़ा। इसके बाद युवक की मां को भी सांस लेने में परेशानी हुई। इससे परेशान होकर युवक ने सोशल मीडिया पर मां को ऑक्सीजन दिलाने की गुहार लगाई। इस दौरान युवक अपने आंसू नहीं रोक सका। वीडियो वायरल होने के बाद गांव के युवकों ने ऑक्सीजन आदि की व्यवस्था कराई।
बिलासपुर चीती गांव निवासी बृहस्पतिवार को 62 वर्षीय रतन सिंह को सांस लेने में परेशानी हुई। परिजन ने उन्हें सिकंदराबाद के अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन वहां ऑक्सीजन का बंदोबस्त नहीं था। इससे परिजन उन्हें खुर्जा के कैलाश अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद पत्नी द्रोपदी की भी हालत बिगड़ गई और उन्हें भी सांस लेने में परेशानी होने लगी। इसके बाद उनके बेटे मेरीसन ने सोशल मीडिया पर दर्द बयां किया। उसने कहा कि पिता की ऑक्सीजन न मिलने के कारण मौत हो गई। अब मां को भी ऑक्सीजन की जरूरत है। युवक के भावुक होकर ऑक्सीजन के लिए मार्मिक अपील करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और इसे एक फेसबुक की एक पोस्ट पर ही आठ हजार से अधिक लोगों ने शुक्रवार रात देखा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के युवकों ने महिला के लिए ऑक्सीजन की घर पर ही बंदोबस्त कर दिया है। अब युवक की मां की हालत ठीक है।