छात्र की फीस जमा न होने पर पिता के साथ मारपीट
पैराडायस स्कूल का मामला, छह कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। रेलवे स्टेशन स्थित पैराडायस स्कूल में छात्र की फीस जमा नहीं होने पर सुरक्षा गार्डों ने पिता के साथ मारपीट की। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोप है कि छात्र को भी स्कूल में बंधक बनाया गया था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद समेत 6 पर केस दर्ज किया है।
पतलाखेड़ा गांव निवासी सीटू ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसका बेटा चिराग कक्षा चार का छात्र है। वह रेलवे स्टेशन के पास स्थित पैराडायस स्कूल में पढ़ता है। मंगलवार को स्कूल से फोन आया कि बच्चे की तबीयत खराब है। वह स्कूल पहुंचे तो गेट पर सुरक्षा गार्ड ने अंदर नहीं जाने दिया। उसने गार्डों से कहा कि बच्चे की तबीयत खराब होने की जानकारी स्कूल से फोन पर दी गई है। इसलिए वह लेने आए हैं। गार्ड ने कहा कि बेटे की फीस जमा नहीं की है, इसलिए वह अपने बेटे को नहीं ले जा सकते। कुछ देर में कहासुनी हो गई। आरोप है कि स्कूल के छह सुरक्षा गार्डाें ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित ने आरोपी पिता-पुत्र धर्मेंद्र और कुनाल समेत स्कूल के 6 कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।