संवाद न्यूज एजेंसी ग्रेटर नोएडा। चार फीसदी अतिरिक्त भूखंड की मांग को लेकर प्रभावित गांवों के किसानों ने आंदोलन तेज करने की रणनीति तैयार की है। दो अक्तूबर को 44 प्रभावित गांवों में किसान सत्याग्रह पदयात्रा निकालेंगे। इसके बाद 22 अक्तूबर से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को बिरौंडी गांव में प्रभावित किसानों की बैठक हुई। इसमें चार फीसदी अतिरिक्त भूखंड के लंबित मामलों को लेकर आंदोलन की रूपरेखा तय की गई। किसानों ने कहा कि लंबे समय से मांग लंबित है। समाधान नहीं होने के कारण अब सभी प्रभावित किसान एकजुट होकर आंदोलन करेंगे। किसानों के अनुसार, दो अक्तूबर को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को नमन करने के बाद सत्याग्रह पदयात्रा शुरू होगी। 44 प्रभावित गांवों में पदयात्रा निकालकर किसानों को मांग और आंदोलन की जानकारी दी जाएगी। साथ ही अधिक से अधिक किसानों से आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया जाएगा। पदयात्रा के बाद 22 अक्तूबर से प्राधिकरण कार्यालय पर अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू होगा। इसमें चार फीसदी अतिरिक्त भूखंड से वंचित किसान शामिल होंगे। किसानों का कहना है कि मांग का ठोस समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा। बैठक में संतराम प्रधान, भीम सिंह, रूपा सिंह, हुकुम सिंह और बिजेंद्र सादोपुर समेत अन्य किसान मौजूद रहे।