बालसमंद। बीमा और मुआवजे के लिए अखिल भारतीय किसान सभा की तहसील कमेटी ने वीरवार को 10वें दिन भी बालसमंद उप तहसील में बेमियादी धरना दिया। धरने की अध्यक्षता करते हुए दिलबाग भिवानी रोहिल्ला और सतबीर सीसवाला ने मांग पूरी होने तक संघर्ष का संकल्प दोहराया।
सतबीर ने कहा कि सीएम की घोषणा के अनुसार किसानों को दीपावली पर्व तक खराबा और नुकसान की भरपाई होनी चाहिए थी लेकिन घोषणा पूरी नहीं हो सकी। बालसमंद उप तहसील पर 10 दिनों से धरना देने के बावजूद कोई अधिकारी या कर्मचारी उनकी मांग सुनने नहीं आया। अगर सरकार और प्रशासन ऐसे ही अनदेखी करता रहा तो मजबूरन किसानों को बड़ा आंदोलन करना पड़ेगा।
तहसील उपाध्यक्ष संदीप बेनीवाल ने कहा कि क्षेत्र में लगातार हुई बारिश से फसल खराब हो गई। इससे किसान कर्जवान होता जा रहा है। इसके बावजूद घोषणा के अनुसार और किसानों की मांग पर सरकार ने बीमा या मुआवजा राशि जारी नहीं की है।
पूर्व तहसील प्रधान भूप सिंह बिजारनिया ने कहा कि क्षेत्र में आज भी जलभराव है, जिसके कारण किसानों को पिछली फसलों की पैदावार नहीं मिली है और आगामी फसल भी किसान खड़े पानी के कारण बिजाई नहीं कर पाएंगे। बारिश से लोगों के मकान, दुकान, आजीविका को भी नुकसान हुआ है। इसकी भरपाई होनी चाहिए।
इस दौरान ओमप्रकाश खांसा, वेदप्रकाश बिशनोई, रामकुमार मोगा, सुभाष बिशनोई असरावां, हनुमान सिंह चौधरी वाली, बजरंग डेलू, धर्मपाल सरपंच, सीटू के श्रवण कुमार, कर्ण सिंह बेनीवाल आदि मौजूद रहे।