जुलूस के रूप में प्राधिकरण पहुंचे, महापंचायत के लिए गेट पर बैठे
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। नए जमीन अधिग्रहण कानून को लागू करने समेत मांगों को लेकर किसान संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में ग्रेटर नोेएडा प्राधिकरण पर जुलूस के रूप में हजारों किसान पहुंचे। किसानों ने मांग पूरी होने तक जमे रहने का ऐलान किया। किसान और पुलिस के बीच धक्का मुक्की भी हुई। महापंचायत में हजारों की संख्या में किसान, महिलाएं पहुंचे। वहीं आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र भाटी ने पंचायत पर पहुंचकर अपना समर्थन दिया।
किसान संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर सवेरे 10 बजे से ही किसान जैतपुर गोल चक्कर पर पहुंचने शुरू हो गए। देखते ही देखते उनकी संख्या बढ़ती चली गई। किसान एकता संघ, भारतीय किसान परिषद और किसान सभा के पदाधिकारी शामिल हुए। सुबह करीब 11:15 बजे जुलूस के रूप में हजारों किसानों ने नारेबाजी करते हुए ग्रेनो प्राधिकरण की और कूच किया। किसानों को रोकने के लिए पुलिस से सुरक्षा के तीन घेरे बनाए। जिन्हें तोड़कर किसान प्राधिकरण के गेट पर पहुंच गए। वहां पर पुलिस ने उनको रोक लिया गया। किसानों ने गेट के सामने मैट्रो स्टेशन के नीचे ही महापंचायत की गई।
किसान नेता डा.रूपेश वर्मा ने कहा कि किसान पिछले कई साल से 10 फीसदी भूखंड देने, आबादी के मामलों का निस्तारण करने, नए जमीन अधिग्रहण कानून को लागू कराने की मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे है। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र भाटी ने कहा कि विकास परियोजनाओं में किसानों का सबसे बडा योगदान रहा है।
बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात
किसानों के प्रदर्शन के चलते शुक्रवार सुबह से ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के चारों और पुलिस बल तैनात किया गया था। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण दफ्तर की और जाने वाले प्रत्येक गोल चक्कर पर पुलिस बल मौजूद रहा।