स्मार्ट मीटर योजना के विरोध समेत विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर किसानों ने तहसील मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है।
मंगलवार को अखिल भारतीय किसान सभा से जुड़े पदाधिकारी और किसान गन्ना समिति परिसर में एकत्रित हुए और वहां से जुलूस के रूप में तहसील मुख्यालय पहुंचकर सरकार विरोधी नारेबाजी की। आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है।
किसान सभा के जिलाध्यक्ष दलजीत सिंह ने कहा कि सरकार की किसान विरोधी नीतियों से किसान हतोत्साहित हो रहे हैं। कृषि प्रधान देश होते हुए भी किसानों को कोई सुध नहीं ली जा रही है। मंडल अध्यक्ष बलबीर सिंह ने कहा कि स्मार्ट मीटर योजना से सबसे अधिक नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है। स्मार्ट मीटर से बिजली बिल बढ़कर आ रहा है।
किसान सभा के उपाध्यक्ष जाहिद अंजुम और मंडल सचिव याकूब अली ने कहा कि किसान सभा किसानों के हितों के लिए संघर्ष करेगी और समस्याओं के निदान में पूरा सहयोग करेगी। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर स्मार्ट मीटर योजना का विरोध करते हुए गन्ना का लाभकारी मूल्य 500 प्रति क्विंटल करने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में गन्ना समिति के पूर्व अध्यक्ष ईश्वरचंद पाल, मनोज नौटियाल, तेजपाल सिंह, मलकीत सिंह, अनूप कुमार, हरबंश सिंह, बलबीर सिंह बिंदा आदि शामिल रहे।