यमुना सिटी(संवाद)। जेवर में भारतीय किसान संघ ने सोमवार को तहसील कार्यालय पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने यमुना प्राधिकरण के खिलाफ नाराजगी जताई।
जिलाध्यक्ष योगेन्द्र त्यागी और जिला मंत्री उमेश कुमार ने कहा कि वर्ष 2009 में यमुना एक्सप्रेसवे परियोजना के नाम पर किसानों से जरूरत से ज्यादा भूमि ली गई थी। बड़ी मात्रा में जमीन अब भी खाली पड़ी है। किसानों की मांग है कि यह खाली जमीन उन्हें वापस की जाए या फिर 7 प्रतिशत विकसित भूखंड और 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा दिया जाए। गांव की आबादी का मौके पर सर्वे कराकर ही भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई की जाए। साथ ही जेवर टोल प्लाजा से किसानों और आम जनता को आधार कार्ड दिखाकर टोल मुक्त करने की व्यवस्था की जाए। भारतीय किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगे पूरी नहीं हुईं तो आने वाले दिनों में महापंचायत कर आंदोलन शुरू किया जाएगा।