-सीआईएसएफ सुरक्षा के अंतर्गत देश का 70वां हवाई अड्डा बना
-यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रा. लि. ने सौंपी सुरक्षा की कमान
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सुरक्षा व्यवस्था सोमवार से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने अपने हाथों में ले ली। एयरपोर्ट पर आयोजित एक कार्यक्रम में यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (यापल) के सीईओ राकेश सिंह ने आईपीएस और सीआईएसएफ के विशेष महानिदेशक हवाई अड्डा प्रवीर रंजन को हवाई अड्डे की सुरक्षा व्यवस्था की बागडोर सौंपी। इस मौके पर प्रवीर रंजन ने कहा कि सीआईएसएफ को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमानन सुरक्षा का प्रभार लेने पर गर्व है।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आयोजित एक इंडक्शन कार्यक्रम के दौरान सीआईएसएफ ने औपचारिक रूप से सुरक्षा व्यवस्था अपने हाथों में ली। सीआईएसएफ के विशेष महानिदेशक, आईपीएस प्रवीर रंजन ने कहा कि सीआईएसएफ विमानन सुरक्षा समूह विश्व स्तरीय बेंचमार्क स्तर की यात्रियों, चालक दल के साथ-साथ महत्वपूर्ण संपत्तियों की सुरक्षा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के उच्चतम स्तर को बनाए रखने के लिए हवाईअड्डा ऑपरेटर और अन्य विभागों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस मौके पर यमुना प्राधिकरण और यापल के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने कहा कि यात्रियों और हवाई अड्डे की सुरक्षा सर्वोपरि है। सीआईएसएफ विश्वस्तरीय मानकों पर सुरक्षा उपलब्ध कराएगा।
नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की मुख्य परिचालन अधिकारी किरण जैन ने कहा कि सीआईएसएफ का शामिल होना हमारी तैयारी की यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। सीआईएसएफ की ओर से औपचारिक रूप से सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने और प्रमुख एयरलाइन की ओर से सेवाएं शुरू करने की तैयारी के साथ, नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा एक विश्वस्तरीय विमानन केंद्र के रूप में उभरने के लिए तैयार है। इस दौरान आईपीएस, आईजी/हवाई अड्डा क्षेत्र सेंथिल अवूदई कृष्णा आर आदि अधिकारी मौजूद रहे।
-
सीआईएसएफ की सुरक्षा में देश का 70वां हवाई अड्डा
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की सुरक्षा कमान में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देश का 70 वां हवाई अड्डा बन गया है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल हवाई अड्डा क्षेत्र (एपीएस) और विमानन सुरक्षा समूह (एएसजी) हवाई अड्डे की सुरक्षा की देखरेख करेंगे। सुरक्षा बलों के जिम्मे हवाई अड्डे की पूरी परिधि और प्रवेश नियंत्रण होगा। साथ ही यात्रियों और उनके सामान की जांच भी सीआईएसएफ के जिम्मे होगी।
-
सीआईएसएफ की क्विक रिस्पांस टीमें सुरक्षा में तैनात
सीआईएसएफ की ओर से हवाई अड्डे की सुरक्षा कमान अपने हाथ में लेने के साथ-साथ सुरक्षा बलों की क्विक रिस्पांस टीमें हवाई अड्डे की सुरक्षा में तैनात हो गईं। इस दौरान टर्मिनल समेत मुख्य स्थानों की सुरक्षा भी सुरक्षा बलों ने अपने हाथों में ले ली।
-
1047 सुरक्षा कर्मी संभालेंगे हवाई अड्डे की सुरक्षा
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवान टर्मिनल क्षेत्र में तैनात रहेंगे। साथ ही लैंडसाइड सुरक्षा की कमान भी उनके हाथ में रहेगी। इसके अलावा त्वरित प्रतिक्रिया टीमों (क्यूआरटी) की तैनाती, मुख्य एयरोड्रम सुरक्षा अधिकारी (सीएएसओ) के नेतृत्व में 1,047 सीआईएसएफ कर्मियों को तैनात किया जाएगा। सुरक्षा के लिए जवानों की तैनाती यात्री, यातायात और उड़ान संचालन बढ़ने के साथ परिचालन आवश्यकताओं के अनुरूप बढ़ेगी।
-
30 अक्तूबर को प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारी
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का निर्माण पूरा होने के बाद 30 अक्तूबर को हवाई अड्डे का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होना है। हवाई अड्डे से देशभर के 10 शहरों की उड़ान भी उद्घाटन के 45 दिनों के अंदर शुरू करने की तैयारी है।